ज्वेलरी ब्रांड GIVA ने अभिनेत्री कृति सेनन के रक्षाबंधन से जुड़े विज्ञापन को विवाद के बाद अपने सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया है। विज्ञापन में कृति ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट पहने नजर आई थीं। इसमें वे एक कुत्ते को राखी बांधती हुई भी दिखाई दी थीं।
विज्ञापन के पहनावे और प्रस्तुति को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने आपत्ति जताई थी। अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने भी कृति के पहनावे पर सवाल उठाए थे। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कृति का समर्थन करते हुए महिलाओं के कपड़ों और जीवनशैली की ऑनलाइन निगरानी को गलत बताया था।
विवाद बढ़ने के बाद GIVA ने विज्ञापन हटाने की जानकारी दी। ब्रांड ने कहा कि उसका उद्देश्य पालतू जानवरों के साथ प्यार और त्योहार मनाने का संदेश देना था। ब्रांड के मुताबिक, किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना उसका इरादा नहीं था।
GIVA ने कहा कि अगर विज्ञापन से समाज के किसी हिस्से की भावनाएं अनजाने में आहत हुई हैं, तो इसके लिए ऐसा कोई इरादा नहीं था। भारतीय संस्कृति और परंपराओं के सम्मान को ध्यान में रखते हुए विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया है।
कंगना रनौत ने उठाए थे सवाल
विज्ञापन को लेकर कंगना रनौत ने सवाल उठाते हुए कहा था कि भाई को बिकिनी या अंडरगारमेंट्स में राखी बांधने जैसी प्रस्तुति क्यों की जाएगी। उन्होंने विज्ञापन की स्टाइलिंग को लेकर भी आपत्ति जताई थी।
राहुल गांधी ने किया कृति का समर्थन
विवाद के बीच कृति सेनन ने सोशल मीडिया पर विज्ञापन को लेकर अपनी बात रखी थी। इसके बाद राहुल गांधी ने कृति की पोस्ट अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा करते हुए कहा था कि महिलाओं के कपड़ों और जीवनशैली की ऑनलाइन ‘पुलिसिंग’ नहीं होनी चाहिए।
कृति ने अपनी पोस्ट में बताया था कि रक्षाबंधन उनके लिए सुरक्षा और प्यार के रिश्ते का प्रतीक है। उन्होंने कहा था कि वह और उनकी बहन नूपुर सेनन एक-दूसरे को राखी बांधती हैं और उनके पेट डॉग्स भी परिवार का हिस्सा हैं, इसलिए उनके प्रति भी वही प्यार और अपनापन है।



