जबलपुर के धनवंतरी नगर स्थित जसूजा सिटी फेज-3 में बुधवार रात गणेश पंडाल के पास करंट की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर शौर्य चनपुरिया की मौत हो गई। हादसा महाआरती के बाद घर लौटते समय हुआ। परिजन के मुताबिक, शौर्य पंडाल के पास लगे एक खंभे के संपर्क में आया था, जिसमें करंट प्रवाहित हो रहा था। जानकारी के अनुसार, शौर्य दोस्तों के साथ गणेश पंडाल में आयोजित महाआरती में शामिल हुआ था। आरती के बाद घर लौटते समय वह पंडाल के पास मौजूद खंभे के संपर्क में आ गया और जमीन पर गिर पड़ा।
शौर्य के दोस्त अज्जू अहिरवार के मुताबिक, इससे पहले टेबल उठाते समय उसे भी करंट महसूस हुआ था। बाद में शौर्य को उठाने की कोशिश करने पर अन्य लोगों को भी करंट का झटका लगा। इसके बाद शौर्य को तत्काल नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।शौर्य के बड़े पिता डॉ. शिशिर चनपुरिया ने बताया कि वह 16 वर्ष का था और लिटिल वर्ल्ड स्कूल में कक्षा 11वीं में पढ़ता था। उन्होंने खुले स्थान पर करंट प्रवाहित होने को गंभीर लापरवाही बताते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि इससे पहले लोकवाद ने गणेश पंडालों में कथित अवैध बिजली कनेक्शन को लेकर मुद्दा उठाया था। अब इसी तरह की घटना में एक किशोर की जान जाने से पंडालों में बिजली व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हुए हैं।



