111 विद्यार्थी, 58 डेस्क; कैमरा-माइक और कंप्यूटर की कमी, रादुविवि के पत्रकारिता विभाग में प्रैक्टिकल प्रशिक्षण पर सवाल
स्टूडियो तैयार, लेकिन जरूरी उपकरण नहीं; प्रोजेक्टर लंबे समय से खराब होने की जानकारी
जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में संसाधनों की कमी विद्यार्थियों के प्रशिक्षण के लिए चुनौती बनी हुई है। विभाग में 111 विद्यार्थियों के लिए 58 कुर्सी-डेस्क होने की जानकारी सामने आई है। कैमरा-माइक की कमी के साथ प्रोजेक्टर लंबे समय से खराब बताया जा रहा है और डिजिटल पत्रकारिता की पढ़ाई के लिए पर्याप्त कंप्यूटर उपलब्ध नहीं होने की बात कही गई है।
विभाग की पहली मंजिल पर स्टूडियो तैयार है, लेकिन जरूरी उपकरणों की कमी के कारण न्यूज रीडिंग और एंकरिंग के अभ्यास को लेकर सवाल उठ रहे हैं। डिजिटल पत्रकारिता के दौर में न्यूज एडिटिंग सीखने के लिए भी विद्यार्थियों को पर्याप्त कंप्यूटर नहीं मिल रहे हैं। विभाग में मौजूद दो कंप्यूटर कार्यालयीन कार्यों में इस्तेमाल किए जाने की जानकारी है।
कॉमन रूम में भी सीमित संसाधन
विभाग के कॉमन रूम में भी महज एक बेंच और एक कुर्सी होने की बात सामने आई है। विद्यार्थियों का दावा है कि संसाधनों की मांग कई बार उठाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ पत्रकारिता के प्रैक्टिकल प्रशिक्षण के लिए कैमरा, माइक, कंप्यूटर और अन्य जरूरी उपकरणों की उपलब्धता महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे में विभाग में उपलब्ध संसाधनों को लेकर सवाल उठ रहे हैं।




