जबलपुर। त्रिपुर सुंदरी मंदिर के बाहर मंगलवार रात प्रसाद और पूजन सामग्री की दुकानों में भीषण आग लग गई। रात करीब 10 बजे शुरू हुई आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में आकर 17 से ज्यादा दुकानें जलकर खाक हो गईं। ऊंची लपटें देखकर आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।
स्थानीय व्यवसायी देवराज पटेल के मुताबिक, रात के समय दुकानों से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। इसके बाद आग तेजी से फैल गई और आसपास की दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं।
प्रारंभिक जानकारी में आग की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना की सूचना मिलने पर दमकल वाहन मौके के लिए रवाना हुए, लेकिन विजयादशमी के कारण सड़कों पर भीड़ और यातायात का दबाव होने से उन्हें मौके तक पहुंचने में परेशानी हुई। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोगों में दहशत का माहौल रहा।
फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन और घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।

