जबलपुर रेलवे स्टेशन पर रविवार रात हज यात्रियों को विदाई देने पहुंचे लोगों की बड़ी भीड़ के चलते प्लेटफॉर्म नंबर 2 और 3 पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। यात्री गरीब रथ एक्सप्रेस से रवाना होने वाले थे, जिसके चलते स्टेशन पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आरपीएफ ने प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री भी बंद कर दी और लगातार अनाउंसमेंट के जरिए लोगों से व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए आरपीएफ की ओर से गरीब रथ एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म नंबर 1 या 6 से संचालित करने का सुझाव दिया गया है।
आरपीएफ अधिकारी राजीव खरब ने यात्रियों के परिजनों से अपील की है कि वे हज यात्रियों को स्टेशन परिसर के बाहर ही विदाई दें। समझाइश के बावजूद स्टेशन परिसर में भीड़ बढ़ाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।



