दमोह से पान उमरिया एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे युवकों की लाल रंग की स्विफ्ट कार (क्रमांक MP 34 M 6571) में अचानक आग लग गई। रास्ते में वाहन के अगले हिस्से से धुआं उठता देख सवार युवकों ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत कार रोककर बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार से अचानक धुआं निकलता देख सवार युवक घबरा गए और सुरक्षित स्थान की ओर भागे। देखते ही देखते कार आग की लपटों से घिर गई।
घटना की जानकारी मिलते ही टीआई प्रतीक्षा मार्को पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित किया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। पुलिस के अनुसार, आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।

