जबलपुर स्थित मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय परिसर में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले कथित फर्जी वकीलों पर लगाम कसने के लिए सीनियर वकीलों ने मोर्चा खोल दिया है। बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अदालत परिसर के मुहाने पर संदिग्ध प्रतीत होने वाले लोगों से पूछताछ की और उनकी पहचान (आईडी) की जांच कीइस जांच के दौरान कुछ नवागत विधि छात्र (लॉ स्टूडेंट्स) भी मिले, जिन्हें निर्धारित ड्रेस कोड में ही परिसर में आने की सख्त हिदायत दी गई।
बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि वकीलों का वेश धरकर कई संदिग्ध लोग हाईकोर्ट परिसर में घूमते हैं और यहां आने वाले पक्षकारों व आम लोगों को गुमराह करते हैं। पूर्व में भी फर्जी वकीलों से जुड़े कई मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें पुलिस में भी मामले दर्ज किए गए हैं। पदाधिकारियों के अनुसार, हाईकोर्ट परिसर को ऐसे तत्वों से मुक्त और स्वच्छ रखने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है।


