जबलपुर के लॉर्डगंज थाना क्षेत्र में रानीताल गेट नंबर-1 के पास गणेश पंडाल में कथित तौर पर चल रहे जुआ फड़ पर पुलिस ने मंगलवार तड़के करीब 4 बजे कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से सात लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 1 लाख 20 हजार 200 रुपये नकद और ताश के पत्ते बरामद किए गए। पुलिस को पंडाल में काफी समय से जुआ खेले जाने की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद विशेष टीम ने दबिश दी।
पुलिस ने मौके से संजय राजपूत, राहुल चौबे, सत्यम श्रीवास, देवेंद्र कुमार सौंधिया, आशीष पटेल, शिवा यादव और गोविंद सोनी को पकड़ा। बताया गया है कि क्षेत्रीय लोगों की ओर से पंडाल में जुआ चलने की शिकायतें की जा रही थीं। जुआ संचालन को लेकर कुछ लोगों ने पुलिस संरक्षण के आरोप भी लगाए थे, हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने बरामद रकम और ताश के पत्ते जब्त कर सभी आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।





