कटनी । नगर पालिक निगम कटनी द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से प्रत्येक मंगलवार को आयोजित की जा रही महापौर जनसुनवाई नागरिकों के लिए एक सशक्त एवं भरोसेमंद मंच के रूप में निरंतर प्रभावी साबित हो रही है। मंगलवार को मेयर इन काउंसिल सभागार में आयोजित जनसुनवाई में शहर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को लेकर पहुंचे। जनसुनवाई के दौरान नागरिकों द्वारा पेयजल, साफ-सफाई, सड़क मरम्मत, नाली निर्माण, अतिक्रमण, स्ट्रीट लाइट, राजस्व प्रकरण एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित कुल 30 आवेदन प्रस्तुत किए गए।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने जनसुनवाई में उपस्थित प्रत्येक नागरिक की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान हेतु सरल, पारदर्शी एवं जवाबदेह व्यवस्था उपलब्ध कराना है, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
जनसुनवाई के दौरान कई आवेदनों पर मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर कार्यवाही प्रारंभ कराई गई। महापौर श्रीमती सूरी ने अधिकारियों से कहा कि प्राप्त सभी आवेदनों पर संवेदनशीलता के साथ कार्यवाही करते हुए निराकरण की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा नागरिकों को समाधान की जानकारी भी समय पर उपलब्ध कराई जाए।




