जबलपुर। गोरा बाजार थाना क्षेत्र के बिलहरी में युवती की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, अस्पताल पहुंचाने में मदद करने वाला प्रमोद महोबिया ही हत्या का आरोपी निकला।
पुलिस के मुताबिक, मृतका नंदनी आमो अपनी छोटी बहन के साथ बिलहरी में रहकर मजदूरी करती थी। 4 अक्टूबर की शाम उसकी बहन ने नंदनी को कमरे में बेहोशी की हालत में देखा। इसके बाद प्रमोद महोबिया और देवेंद्र आमो की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को प्रमोद महोबिया पर संदेह हुआ। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह नंदनी को पसंद करता था और उसे शक था कि वह किसी अन्य व्यक्ति से फोन पर बातचीत करती है। विवाद के बाद आरोपी ने कथित तौर पर नंदनी का गला दबाया और उसका सिर जमीन पर पटक दिया।
पुलिस ने आरोपी को कटियाघाट क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेजे जाने की जानकारी दी गई है।







