जबलपुर। रेलवे स्टेशन पर चेकिंग के दौरान जीआरपी ने एक महिला के पास से 5.342 किलोग्राम गांजा बरामद करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, महिला प्लेटफॉर्म नंबर 2-3 के इटारसी एंड पर संदिग्ध अवस्था में दिखाई दी थी।
पूछताछ के बाद महिला की तलाशी ली गई। पुलिस के मुताबिक उसके कपड़े के थैले में सफेद कपड़े में लिपटे पांच पैकेट मिले, जिनमें गांजा पाया गया। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से तौल करने पर कुल वजन 5.342 किलोग्राम बताया गया है। इसकी अनुमानित कीमत 1,33,550 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार महिला की पहचान बैदेही बाई, उम्र 35 वर्ष, के रूप में हुई है। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस गांजा उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति और इसके स्रोत की भी जांच कर रही है।







